आज भले ही अर्थव्यवस्था की धीमी पड़ती रफ्तार को लेकर चिंता हो रही हो, लेकिन भविष्य अब भी सुनहरा ही दिख रहा है। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, यह भविष्यवाणी करने वालों में अब स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक भी शामिल हो गया है।
इसने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में कहा है कि भारत साल 2030 तक विश्व अर्थव्यवस्था में तीसरे मुकाम पर पहुँच जायेगा। हालाँकि इस रिपोर्ट के मुताबिक चीन उस समय तक अमेरिका को पीछे छोड़ कर दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। लेकिन विकास दर के मामले में भारत की रफ्तार चीन से आगे निकल जायेगी। इसके मुताबिक अगले 20 वर्षों में भारत की औसत सालाना विकास दर 9.3% रहेगी, जबकि चीन इस दौरान 6.9% की दर से आगे बढ़ेगा।
स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक की यह रिपोर्ट कहती है कि 2030 तक भारत की अर्थव्यवस्था 30,000 अरब डॉलर की हो जायेगी। लेकिन इस दौरान चीन की अर्थव्यवस्था 2010 के 5,900 अरब डॉलर से बढ़ कर 2030 तक 73,500 अरब डॉलर की होगी। इस समय अगर हर साल विश्व अर्थव्यवस्था में होने वाली बढ़त को देखें तो उसमें दो तिहाई योगदान एशिया का रहता है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक का कहना है कि इस समय विश्व अर्थव्यवस्था अपने तीसरे सुपर साइकल यानी महा-चक्र से गुजर रही है। ऐसे महा-चक्र में लगभग एक पीढ़ी या इससे भी ज्यादा समय तक विश्व अर्थव्यवस्था काफी तेजी से बढ़ती है।